बड़वानी में गणेश उत्सव की तैयारियां शुरू: मिट्टी की मूर्तियां 30% तक महंगी; 8 फीट की प्रतिमा 25 हजार में बुक

बड़वानी। 14 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मूर्तियों की कीमतों में 30% तक बढ़ोतरी हुई है।
पिछले साल 17 हजार रुपए में मिलने वाली 8 फीट की प्रतिमा अब 25 हजार रुपए में बुक हो रही है। वहीं, 6 फीट की मूर्तियां अब 13 से 15 हजार रुपए तक में मिल रही हैं।
कच्चे माल की कीमत बढ़ने से मूर्तियां महंगी हुई
मूर्तिकारों के मुताबिक कच्चे माल की कीमत बढ़ने से मूर्तियों के दाम बढ़े हैं। मिट्टी 4 से 5 हजार रुपए प्रति ट्रॉली और रस्सी की कीमत 300 रुपए तक पहुंच गई है। बड़ी मूर्तियों की मांग में 15 से 20% तक कमी आई है, जबकि छोटी और मध्यम आकार की प्रतिमाओं की मांग ज्यादा है।
पीओपी की मूर्तियों पर प्रतिबंध
प्रशासन ने पीओपी की मूर्तियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। कलेक्टर जयति सिंह ने एनजीटी के आदेश और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत गणेश और दुर्गा की पीओपी प्रतिमाओं के निर्माण पर जिले की राजस्व सीमा में रोक लगाई है। अब प्राकृतिक मिट्टी और गैर-विषाक्त रंगों से बनी प्रतिमाओं के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है।