इंदौर जनसुनवाई में पहुंचे 285 आवेदन, कलेक्टर शिवम वर्मा ने मौके पर किए कई मामलों का निराकरण
इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान कुल 285 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समय-सीमा में हल करने के निर्देश दिए गए।
तत्काल सहायता वाले मामलों पर तुरंत कार्रवाई
कलेक्टर शिवम वर्मा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनसुनवाई में पहुंचे सभी आवेदकों को बेहतर सुविधाओं के साथ बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े गंभीर मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं जिन मामलों में जांच या विभागीय रिपोर्ट की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
बुजुर्गों की सहायता पर प्रशासन का विशेष फोकस
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बुजुर्गों, बीमार और जरूरतमंद नागरिकों की सहायता प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की टीम लगातार प्रयास कर रही है कि जरूरतमंद लोगों तक सहायता समय पर पहुंचे।
उन्होंने कहा, “यदि किसी बुजुर्ग या जरूरतमंद व्यक्ति को मदद की आवश्यकता होती है, तो हमारी टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराती है।”
लोगों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की
जनसुनवाई में पहुंचे कई समाजजनों ने बुजुर्गों और जरूरतमंदों की मदद के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और प्रशासन का आभार जताया।
गौरतलब है कि इंदौर में हर सप्ताह आयोजित होने वाली जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करता है।






