इंदौर में साइबर फ्रॉड: सिर्फ 3 मिनट मोबाइल हैक, युवक के खाते से उड़ाए 98 हजार रुपये, पुलिस जांच में जुटी
इंदौर में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मात्र कुछ मिनटों के लिए मोबाइल हैक होने के बाद एक युवक के बैंक खाते से करीब 98 हजार रुपये गायब हो गए। घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बड़ा बांगड़दा स्थित नरसीमुंजी कॉलेज के पास यह साइबर फ्रॉड हुआ।
पीड़ित अमित पिता मनोहर टेमरे, निवासी इमली बाजार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को जब वह नरसीमुंजी कॉलेज के पास मौजूद थे, तभी अचानक उनका मोबाइल फोन हैंग होकर बंद हो गया और करीब 2 से 3 मिनट तक स्क्रीन पूरी तरह ब्लैक रही। उस समय उन्हें लगा कि यह सामान्य तकनीकी खराबी है।
अगले दिन सुबह जब अमित ने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि खाते से 98,008 रुपये गायब थे। बैंक स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि यह रकम मकवाना गीतावेन करणभाई नाम के खाते में ट्रांसफर की गई है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कोई भी ट्रांजैक्शन नहीं किया।
प्रारंभिक आशंका के अनुसार साइबर अपराधियों ने रिमोट एक्सेस या मालवेयर के जरिए मोबाइल को हैक किया और बैकग्राउंड में बैंकिंग डिटेल्स तथा ओटीपी/क्रेडेंशियल्स हासिल कर लिए। इसके बाद खाते से रकम ट्रांसफर कर दी गई।
गांधी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल अब यूपीआई आईडी, बैंक ट्रांजैक्शन और रूट की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पैसे किस माध्यम से और कहां ट्रांसफर किए गए।
एडिशनल डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच जारी है और जल्द ही ट्रांजैक्शन नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।






