इंदौर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार टैंकर ने मां समेत दो मासूम बच्चों को रौंदा, मौके पर मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित धार रोड पर एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे डामर से भरे टैंकर ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को कुचल दिया। हादसे में दो मासूम बच्चों और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा धार रोड स्थित हाई लिंक के सामने हुआ। मृतक परिवार देवास जिले का रहने वाला था और बेटमा में रोड निर्माण का काम खत्म कर वापस घर लौट रहा था। सभी लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर देवास जा रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हो गया।
हादसे में मां और दो मासूम बच्चों की मौत
चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले के मुताबिक, हादसे में रोहन (2 वर्ष), संतोष (1 वर्ष) और उनकी मां अनीता देवड़ा (28 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, मृतक महिला के पति अशोक देवड़ा (30 वर्ष), विशु (3 वर्ष) और राजेश (25 वर्ष) घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
डामर से भरा था टैंकर, चालक फरार
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल मालवाहक वाहन (GJ 06 BY 1427) में डामर भरा हुआ था। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और चालक की तलाश जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।






