धर्मशाला में विराट कोहली का जलवा, पंजाब के घर में आरसीबी समर्थकों का दिखा दबदबा 🔗 Permalink / Slug

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले के दौरान Virat Kohli और Royal Challengers Bengaluru की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती नजर आई। मुकाबला भले ही Punjab Kings के दूसरे होम ग्राउंड धर्मशाला में खेला जा रहा था, लेकिन माहौल पूरी तरह आरसीबी के रंग में रंगा दिखाई दिया।
मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टेडियम के बाहर आरसीबी समर्थकों की लंबी कतारें लग गई थीं। पूरा स्टेडियम ‘RCB…RCB’ और ‘कोहली…कोहली’ के नारों से गूंज उठा। माहौल ऐसा बन गया था मानो मुकाबला बेंगलुरु के घरेलू मैदान पर खेला जा रहा हो।
जैसे ही विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, दर्शकों ने तालियों और शोर के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस 18 नंबर की जर्सी पहनकर पहुंचे थे, जबकि कई प्रशंसक चेहरे पर आरसीबी के रंग लगाए नजर आए। युवा दर्शकों में विराट कोहली के साथ सेल्फी लेने और करीब से देखने का जबरदस्त उत्साह दिखा।
पंजाब के होम ग्राउंड पर भी छाए RCB समर्थक
हालांकि पंजाब किंग्स के समर्थक भी टीम का उत्साह बढ़ाने पहुंचे थे, लेकिन दर्शकों की संख्या और माहौल के मामले में आरसीबी समर्थक भारी पड़ते नजर आए। स्टेडियम के ज्यादातर स्टैंड्स में लाल रंग की जर्सियों का दबदबा दिखाई दिया।
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, गुजरात और उत्तराखंड समेत कई राज्यों से क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला पहुंचे। फैंस का कहना था कि धौलाधार की खूबसूरत वादियों के बीच विराट कोहली को खेलते देखना यादगार अनुभव रहा।
मैच से पहले स्टेडियम परिसर में आरसीबी समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और ‘ई साला कप नामदे’ के नारे लगाए।
विराट ने फिफ्टी जड़कर फैंस को किया खुश
मैदान पर भी विराट कोहली ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। बतौर ओपनर उतरे कोहली ने 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 37 गेंदों पर 58 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
विराट को पंजाब के स्पिनर Yuzvendra Chahal ने आउट किया। चहल की गेंद पर Priyansh Arya ने कैच पकड़कर कोहली की पारी का अंत किया।






