IPL 2026: ऋषभ पंत ने बताया क्यों नहीं उतरे बल्लेबाजी करने, बोले- ज्यादा सोच टीम को नुकसान पहुंचाती है

IPL 2026: ऋषभ पंत ने बताया क्यों नहीं उतरे बल्लेबाजी करने, बोले- ज्यादा सोच टीम को नुकसान पहुंचाती है
लखनऊ। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतरने की वजह का खुलासा किया है। मैच के बाद पंत ने कहा कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट के साथ चर्चा के बाद लिया गया, ताकि उन खिलाड़ियों को मौका मिल सके जिन्हें इस सीजन में ज्यादा बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला।
135 रन पर बिना विकेट, फिर तीन झटके
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी ने शानदार शुरुआत की और 12वें ओवर तक बिना विकेट खोए 135 रन बना लिए थे। हालांकि इसके बाद टीम ने महज 9 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बावजूद ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने नहीं आए। उनकी जगह निकोलस पूरन के बाद अब्दुल समद और मुकुल चौधरी को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। अंततः एलएसजी ने मुकाबला सात विकेट से जीत लिया।
“मैं तैयार था, लेकिन टीम का फैसला अहम था” – पंत
मैच के बाद पंत ने कहा,
“मैं बल्लेबाजी के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन टीम मैनेजमेंट का विचार था कि क्यों न उन खिलाड़ियों को मौका दिया जाए जिन्हें इस सीजन में ज्यादा अवसर नहीं मिले हैं। मैं लगातार सोच रहा था कि मुझे जाना चाहिए या नहीं, क्योंकि मैं मैदान पर उतरना चाहता था। लेकिन कई बार टीम के फैसले और सोच का सम्मान करना पड़ता है।”
बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव
इस सीजन में ऋषभ पंत ने अधिकतर मुकाबलों में नंबर-3 और नंबर-4 पर बल्लेबाजी की है। उन्होंने 11 पारियों में सात बार नंबर-3, तीन बार नंबर-4 और एक बार ओपनिंग की है। मैच के दौरान भी वह पैड पहनकर डगआउट में बैठे दिखाई दिए थे।
एलएसजी ने इस सीजन में कई बार अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। फिलहाल मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस टीम के नियमित ओपनर हैं, जबकि एडेन मार्करम भी ओपनिंग कर चुके हैं। टीम ने विदेशी बल्लेबाजों को टॉप ऑर्डर में उतारने की रणनीति अपनाई, लेकिन यह हर मैच में सफल नहीं रही।
“ज्यादा सोच टीम को नुकसान पहुंचाती है”
रणनीति को लेकर पंत ने साफ कहा कि जरूरत से ज्यादा सोच टीम के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा,
“हमारा पहला विचार था कि दो विदेशी बल्लेबाज ओपनिंग करें और निकी (निकोलस पूरन) नंबर-3 पर बल्लेबाजी करें। लेकिन कई बार मैदान पर योजनाओं को सही तरीके से लागू करना मुश्किल होता है। मेरे हिसाब से टीम को सबसे ज्यादा नुकसान ज्यादा सोच से हो सकता है।”
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब ऋषभ पंत ने टीम के अंदर कई राय होने को लेकर टिप्पणी की हो। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ सुपर ओवर में हार के बाद भी उन्होंने कहा था कि “बहुत ज्यादा दिमाग मैदान पर फैसले आसान नहीं बनाते।”






