आखिरी गेंद पर आरसीबी की रोमांचक जीत, मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट से बाहर; क्रुणाल-भुवनेश्वर बने हीरो

आईपीएल 2026 में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अंतिम गेंद तक चले इस हाई-वोल्टेज मैच में आरसीबी ने 167 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस का टूर्नामेंट से सफर समाप्त हो गया, जबकि आरसीबी ने प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज तीन ओवर के भीतर शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव समेत तीन बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेजकर मुंबई को दबाव में डाल दिया। हालांकि रोहित शर्मा ने 10 गेंदों में 22 रन की तेज पारी खेली।
मुश्किल स्थिति में नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और दोनों के बीच 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि नमन धीर अर्धशतक से चूक गए। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत भी खराब रही। विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए। दीपक चाहर ने शुरुआती झटके देकर बेंगलुरु को मुश्किल में डाल दिया। इसके बाद क्रुणाल पांड्या और जैकब बैथेल ने पारी संभाली। बैथेल के आउट होने के बाद भी क्रुणाल पांड्या ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां आरसीबी को 15 रन की जरूरत थी। लगातार दबाव के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी। रोमारियो शेफर्ड के आउट होने के बाद भुवनेश्वर कुमार ने अहम छक्का जड़ा, जबकि अंतिम गेंद पर रसिख सलाम ने 2 रन लेकर टीम को यादगार जीत दिला दी।
इस जीत में क्रुणाल पांड्या की 73 रन की मैच जिताऊ पारी और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी सबसे बड़ी वजह रही। वहीं, मुंबई इंडियंस के लिए यह हार आईपीएल 2026 से बाहर होने का कारण बन गई।






