मुख्यमंत्री मोहन यादव आज गुना को देंगे 1189 करोड़ की सौगात, अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री सहित 144 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमि पूजन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को गुना जिले को 1189 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री जिले में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना को मजबूत करने और रोजगार सृजन के उद्देश्य से विभिन्न परियोजनाओं का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री 1059 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा करीब 130 करोड़ रुपये की लागत के 144 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और आम नागरिकों को बेहतर सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
अडानी ग्रुप की कंपनी अंबुजा कांक्रीट नार्थ प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मावन क्षेत्र में 32 हेक्टेयर भूमि पर सीमेंट प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा। यह यूनिट गुना शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूरी पर विकसित होगी और इसकी उत्पादन क्षमता 2×2 मिलियन टन प्रतिवर्ष होगी। माना जा रहा है कि यह परियोजना जिले के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस सीमेंट परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। अनुमान के मुताबिक, करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 1000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही, सरकार को हर साल लगभग 160 करोड़ रुपये का जीएसटी राजस्व प्राप्त होने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से परिवहन, व्यापार, सेवा क्षेत्र और अन्य सहायक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे गुना जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।






