आईपीएल 2026 : धर्मशाला को मिला क्वालीफायर-1 की मेजबानी, जीतने वाली टीम पहुंचेगी सीधे फाइनल में

Board of Control for Cricket in India (बीसीसीआई) ने टाटा आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत HPCA Stadium को क्वालीफायर-1 मुकाबले की मेजबानी मिली है, जो 26 मई को खेला जाएगा।

इस अहम मुकाबले में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें आमने-सामने होंगी। मैच जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालीफायर-2 के जरिए एक और मौका मिलेगा। आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को Narendra Modi Stadium में खेला जाएगा।

70 लीग मुकाबलों के बाद टूर्नामेंट अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। क्वालीफायर-1 के बाद 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा, जिसमें तीसरे और चौथे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। इसके बाद 29 मई को इसी मैदान पर क्वालीफायर-2 आयोजित होगा।

धर्मशाला में क्वालीफायर मुकाबले से पहले तीन लीग मैच भी खेले जाएंगे। 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस तथा 17 मई को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले होंगे। पहले दो मैच शाम 7:30 बजे जबकि तीसरा मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।

Himachal Pradesh Cricket Association के प्रेस सचिव मोहित सूद ने इसे धर्मशाला के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि क्वालीफायर-1 मुकाबले की मेजबानी मिलने से न केवल क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है और यहां इतने बड़े मुकाबले का आयोजन क्रिकेट रोमांच को और भी खास बना देगा।

Share

Similar Posts