बुद्ध जयंती पर नेपाल PM का संदेश: बुद्ध के ज्ञान से हर समस्या का समाधान संभव

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बुद्ध जयंती के अवसर पर देशवासियों और विश्व समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी समस्याओं का समाधान भगवान बुद्ध के ज्ञान में निहित है।

सोशल मीडिया पर अपने संदेश में उन्होंने गौतम बुद्ध के उपदेशों का उल्लेख करते हुए लिखा कि “दुःख है, दुःख का कारण है, दुःख का निवारण है और दुःख निवारण का मार्ग भी है।” उन्होंने कहा कि बुद्ध द्वारा दिखाया गया मार्ग मानव जीवन के दुःखों को समाप्त करने का रास्ता है।

प्रधानमंत्री शाह ने अपने संदेश में यह भी कहा कि अंधकार वास्तव में प्रकाश के अभाव का नाम है और जब ज्ञान का प्रकाश आता है, तो अंधकार स्वतः समाप्त हो जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनकी जीवन यात्रा भी ज्ञान और समाधान के मार्ग की ओर होनी चाहिए।

उन्होंने बुद्ध को शांति का महान प्रवर्तक बताते हुए विश्व शांति की कामना की। साथ ही कहा कि बुद्ध के जन्म से नेपाल की भूमि धन्य है और यह देश हमेशा अहिंसा और शांति के सिद्धांतों का समर्थक रहा है।

अपने संदेश में उन्होंने एक खास बात भी कही कि “सच्ची क्रांति ‘क’ से नहीं बल्कि ‘ज्ञ’ से शुरू होती है,” यानी वास्तविक बदलाव ज्ञान के माध्यम से ही संभव है।

प्रधानमंत्री का यह संदेश बुद्ध जयंती के अवसर पर शांति, अहिंसा और ज्ञान के महत्व को उजागर करता है, जो आज के वैश्विक परिप्रेक्ष्य में और भी प्रासंगिक माना जा रहा है।

Share

Similar Posts