सम्पन्न पेंशन पोर्टल अब डिजिलॉकर से जुड़ा, पेंशनरों को डिजिटल दस्तावेजों की सुविधा

दूरसंचार विभाग ने पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल सुविधा बढ़ाते हुए सम्पन्न पेंशन पोर्टल को डिजिलॉकर से जोड़ दिया है। इस पहल से पेंशनर अब अपने जरूरी दस्तावेज जैसे ई-पेंशन भुगतान आदेश (ई-पीपीओ), ग्रेच्युटी स्वीकृति आदेश, कम्युटेशन आदेश और फॉर्म-16 सीधे अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड कर सकेंगे।
केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, पेंशनर डिजिलॉकर में लॉग इन कर आधार और पीपीओ नंबर लिंक करके दस्तावेज तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। इससे दफ्तरों या बैंकों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं रहेगी और समय व मेहनत की बचत होगी।
दिल्ली के प्रधान संचार लेखा नियंत्रक आशीष जोशी ने बताया कि यह पहल पेंशनरों को डिजिटल रूप से आत्मनिर्भर बनाती है और सरकार के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप है। डिजिलॉकर के माध्यम से अब पेंशनर दस्तावेजों की फिजिकल कॉपी लेकर कहीं भी जाने की जरूरत नहीं होगी।
सम्पन्न पोर्टल को 29 दिसंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया गया था। यह पोर्टल पेंशन स्वीकृति से लेकर भुगतान, शिकायत दर्ज कराने, जीवन प्रमाण पत्र और विवरण अपडेट जैसी सभी सेवाएं ऑनलाइन प्रदान करता है। डिजिलॉकर से जुड़ने के बाद यह सुविधा देशभर के पेंशनरों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और आसान हो गई है।






