भारत ने वेनेजुएला के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की, नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील

नई दिल्ली: भारत सरकार ने वेनेजुएला में मौजूदा हालात को देखते हुए अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की यात्रा से बचने और वहां मौजूद भारतीयों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यह एडवाइजरी अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी से जुड़ी स्थिति के बाद उत्पन्न तनाव के मद्देनजर जारी की गई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वेनेजुएला में रह रहे सभी भारतीय नागरिक अपनी गतिविधियों को सीमित रखें और स्थानीय हालात पर लगातार नजर बनाए रखें। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए गैर-आवश्यक यात्रा से पूरी तरह बचना ही सुरक्षित विकल्प है।
मंत्रालय ने यह भी अपील की है कि वेनेजुएला में मौजूद भारतीय नागरिक काराकास स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। भारत सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के कारण क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि भारतीय नागरिक किसी भी अप्रिय स्थिति से सुरक्षित रह सकें।






