प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों से विनिर्माण और व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने तथा भारत को वैश्विक सेवा केन्द्र बनाने का आग्रह किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों से विनिर्माण और व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने तथा भारत को वैश्विक सेवा केन्द्र बनाने का आग्रह किया है। नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही राष्ट्रीय विनिर्माण मिशन का शुभारंभ करेगा। उन्होंने प्रत्येक राज्य से इसे शीर्ष प्राथमिकता देकर वैश्विक कंपनियों को आकृष्ट करने के लिए बुनियादी ढ़ांचा सृजित करने का आग्रह किया। विकसित भारत के लिए मानव संसाधन विषय पर तीन दिन का यह सम्मेलन इस महीने की 26 तारीख को शुरू हुआ था।
भारत की जनसांख्यिकी उपलब्धि का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की लगभग 70% आबादी कार्यशील वर्ग में है, जिससे आर्थिक प्रगति के लिए विशिष्ट अवसर उपलब्ध है। इससे विकसित भारत की ओर देश की यात्रा को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब युवा आबादी की क्षमता से सुधार एक्सप्रेस पर सवार है और इस जनसांख्यिकी उपलब्धि को और सशक्त बनाना सरकार प्राथमिकता है।
विकसित भारत को गुणवत्ता और उत्कृष्टता का पर्याय बताते हुए श्री मोदी ने सभी हितधारकों से औसत परिणामों से आगे निकलने का आग्रह किया। सुशासन, सेवा और विनिर्माण की गुणवत्ता पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मेड इन इंडिया लेबल को उत्कृष्टता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का प्रतीक बनाना होगा।






