| | | |

रविवार को लोकसभा में 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

निर्मला सीतारमण रविवार को लोकसभा में वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी। लोकसभा में बजट भाषण के बाद बजट दस्तावेज़ की प्रति राज्यसभा के पटल पर भी रखी जाएगी। वर्ष 2019 में वित्त मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जिससे वे एक नया रिकॉर्ड भी बनाएंगी।

बजट भाषण के समापन के बाद बजट से जुड़े सभी दस्तावेज मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट पर भी आम जनता के लिए उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके अलावा, बजट पेश होने के बाद वित्त मंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों के महाविद्यालयों से आए 30 विद्यार्थियों से संवाद भी करेंगी।

बजट से पहले व्यापक परामर्श

केंद्रीय बजट से पहले वित्त मंत्री ने विभिन्न हितधारकों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठकें की थीं। इन बैठकों में अर्थशास्त्री, व्यापार संघ, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), उद्योग, वित्तीय क्षेत्र, सेवा क्षेत्र और पूंजी बाजार के विशेषज्ञ शामिल रहे।

कृषि और ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर अलग से बजट-पूर्व परामर्श किया और अपने सुझावों की संकलित रिपोर्ट वित्त मंत्री को सौंपी। इसके साथ ही, युवाओं सहित आम नागरिकों से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिनकी झलक इस बजट में देखने को मिल सकती है।

देश की अर्थव्यवस्था, मिडिल क्लास, किसानों, युवाओं, रोजगार, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी उम्मीदों के बीच 2026-27 का केंद्रीय बजट बेहद अहम माना जा रहा है। अब पूरे देश की निगाहें संसद में होने वाले इस बजट भाषण पर टिकी हैं।

Share

Similar Posts