विश्व आर्थिक मंच का 56वां वार्षिक सम्मेलन आज से दावोस में शुरू, 100 से ज्यादा भारतीय सीईओ होंगे शामिल

विश्व आर्थिक मंच (WEF) का 56वां वार्षिक सम्मेलन आज से स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दावोस में शुरू हो रहा है। पांच दिन तक चलने वाले इस वैश्विक सम्मेलन में 3,000 से अधिक विश्व नेता, उद्योगपति, नीति निर्माता और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
इस सम्मेलन में भारत की मजबूत भागीदारी देखने को मिलेगी। जानकारी के अनुसार, 100 से अधिक भारतीय सीईओ और सरकारी प्रतिनिधिमंडल इस वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रल्हाद जोशी और के. राममोहन नायडू के शामिल होने की उम्मीद है। ये नेता वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके साथ ही महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम और झारखंड के मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों में निवेश और व्यवसाय की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करेंगे।
दावोस सम्मेलन में कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और तेलंगाना सहित कई राज्य सरकारों के पवेलियन भी स्थापित किए गए हैं, जहां राज्यों की औद्योगिक नीतियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
विश्व आर्थिक मंच का यह सम्मेलन वैश्विक अर्थव्यवस्था, सतत विकास, तकनीक और निवेश सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा का प्रमुख मंच माना जाता है, जहां लिए गए फैसलों का असर पूरी दुनिया पर पड़ता है।






