पश्चिम बंगाल में एसआईआर अभियान के पहले चरण के बाद 32 लाख अचिह्नित मतदाताओं पर कार्रवाई

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत पहले चरण की सुनवाई के बाद लगभग 32 लाख अचिह्नित मतदाताओं पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, गणना चरण के दौरान कुल 31 लाख 68 हजार 424 अचिह्नित मतदाताओं की पहचान की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि 2002 की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम परिवार के अन्य सदस्यों से मेल नहीं खा पाए, उन्हें इस श्रेणी में रखा गया है। ऐसे मतदाताओं की सुनवाई 27 दिसंबर से शुरू होगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, यह सुनवाई जिला मजिस्ट्रेट कार्यालयों, उप-विभागीय कार्यालयों, विभिन्न सरकारी विभागों तथा स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक सुनवाई एक सूक्ष्म पर्यवेक्षक की निगरानी में होगी।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 4,000 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों के लिए 24 दिसंबर से दो चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि कई सूक्ष्म पर्यवेक्षकों को स्थानीय बांग्ला भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं है।






