|

बंगाल में मछली पर सियासत तेज: भाजपा उम्मीदवार भास्कर भट्टाचार्य का तृणमूल पर पलटवार

पश्चिम बंगाल में मछली को लेकर सियासी बहस के बीच भास्कर भट्टाचार्य ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

श्रीरामपुर में चुनावी प्रचार के दौरान भास्कर भट्टाचार्य मछली बाजार पहुंचे और वहां से मछली खरीदकर यह संदेश देने की कोशिश की कि भाजपा की सरकार बनने पर मछली या मांस पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।

उन्होंने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर आरोप लगाया कि वे चुनावी लाभ के लिए जनता को भ्रमित कर रही हैं।

भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार मछली व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए 2024 से 2027 तक 6000 करोड़ रुपये की योजना चला रही है, जिसके तहत मछुआरों और कारोबारियों को सस्ते ब्याज पर ऋण और क्रेडिट सुविधा दी जा रही है।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं को भी उठाया। श्रीरामपुर के मछली बाजार के पास जलजमाव की समस्या को लेकर उन्होंने नगर पालिका की आलोचना की और प्रतीकात्मक विरोध करते हुए जलभराव वाली गली में मछलियां छोड़कर निकासी व्यवस्था की बदहाली को उजागर किया।

भट्टाचार्य ने कहा कि मामूली बारिश में ही इलाके में जलभराव हो जाता है, जो प्रशासन की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि आम जनता को जमीनी स्तर पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

Share

Similar Posts