| | |

इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर बैठक: निमाड़ के चार जिलों से पहुंचे छात्र-युवा; पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर रखी बात

इंदौर। 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर निमाड़ क्षेत्र के छात्रों और कांग्रेस नेताओं की बैठक सोमवार को नवलखा स्थित ऋतुराज मांगलिक भवन में हुई।

बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं सह प्रभारी उषा नायडू ने की। इसमें खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए।

बैठक में छात्रों को अपनी समस्याएं रखने का खुला मंच दिया गया। छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती घोटाले, परीक्षा परिणाम और भर्ती प्रक्रिया में देरी समेत शैक्षणिक जीवन से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं।

राहुल गांधी तक पहुंचाई जाएंगी छात्रों की समस्याएं
उषा नायडू ने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, भर्ती से जुड़ी समस्याओं और अन्य मुद्दों को वीडियो और ईमेल के माध्यम से साझा करें।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की ओर से छात्रों के लिए विशेष लिंक और ईमेल आईडी जारी की गई है। इन मुद्दों को 19 सितंबर के मुख्य कार्यक्रम में राहुल गांधी के सामने उठाया जाएगा।

कई नेता और विधायक हुए शामिल
बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी, कसरावद विधायक सचिन यादव, भगवानपुरा विधायक केदार डावर, बड़वानी विधायक राजेंद्र मंडलोई सहित कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

खंडवा शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी, खंडवा ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह, खरगोन विधानसभा प्रभारी ओम सिलावट, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी खरगोन के अध्यक्ष रवि नाईक ने किया। बैठक के अंत में 19 सितंबर के आयोजन में निमाड़ क्षेत्र से अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।

Share