|

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम 2026: 293 सीटों पर मतगणना शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच सियासी तस्वीर आज साफ

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। राज्य की 293 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जा रही है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना की जा रही है, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी।

राज्यभर में कुल 77 मतगणना केंद्रों पर प्रक्रिया जारी है और पूरे देश की नजर इस बात पर टिकी है कि पश्चिम बंगाल में अगली सरकार किस दल की बनेगी।

मतगणना को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। कोलकाता समेत कई इलाकों में धारा 163 लागू की गई है। केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है, जिसमें बाहरी सुरक्षा राज्य पुलिस, मध्य क्षेत्र में रैपिड एक्शन फोर्स और अंदरूनी सुरक्षा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जिम्मे है।

सुबह से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और उनके एजेंट मतगणना केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। इस बार सबसे ज्यादा नजर भवानीपुर विधानसभा सीट पर है, जहां ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला है।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर और बनगांव में मतगणना प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष ने खड़गपुर सीट से जीत का दावा किया है।

उल्लेखनीय है कि 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था। हालांकि दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर चुनावी अनियमितताओं के चलते मतदान रद्द कर दिया गया था। इस सीट पर 21 मई को पुनः मतदान और 24 मई को मतगणना होगी।

पिछले विधानसभा चुनाव (2021) में तृणमूल कांग्रेस ने 215 सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाई थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 77 सीटें मिली थीं। ऐसे में इस बार के नतीजे यह तय करेंगे कि राज्य की सत्ता में बदलाव होगा या तृणमूल कांग्रेस अपनी पकड़ बरकरार रखेगी।

Share

Similar Posts