पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: सुबह 9 बजे तक 18.76% मतदान, पश्चिम मेदिनीपुर सबसे आगे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान में शुरुआती दो घंटों के भीतर औसतन 18.76 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। यह आंकड़ा सुबह 9 बजे तक का है, जिसमें मतदाताओं का उत्साह साफ नजर आ रहा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान प्रतिशत के मामले में पश्चिम मेदिनीपुर जिला सबसे आगे रहा, जहां सुबह 9 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद बांकुड़ा (20.20%), झाड़ग्राम (19.84%), बीरभूम (19.01%) और पश्चिम बर्धमान (19%) का स्थान रहा।
अन्य जिलों की बात करें तो मुर्शिदाबाद में 18.88%, दक्षिण दिनाजपुर में 18.81%, पूर्व मेदिनीपुर में 18.81%, दार्जिलिंग में 18.80%, कलिम्पोंग में 18.74% और जलपाईगुड़ी में 18.50% मतदान दर्ज किया गया।
वहीं अलीपुरद्वार (17.70%), पुरुलिया (17.83%), कूचबिहार (17.56%), उत्तर दिनाजपुर (17.54%) और मालदा (16.96%) में अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज हुआ, जिसमें मालदा सबसे पीछे रहा।
पहले चरण में कुल 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 167 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
राज्यभर में मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। केंद्रीय बलों की तैनाती, वेबकास्टिंग और विशेष पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतदान कराया जा रहा है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जो मतदाताओं के उत्साह को दर्शाती हैं।
राजनीतिक दलों की नजर अब दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में होने वाली वृद्धि पर है। माना जा रहा है कि पहले चरण का यह मतदान आगे के चुनावी रुझानों को प्रभावित कर सकता है।






