|

चुनाव 2026: पहले चरण के मतदान पर पीएम मोदी की अपील, रिकॉर्ड वोटिंग के लिए जनता से घरों से निकलने का आग्रह

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान 152 सीटों पर गुरुवार सुबह शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से रिकॉर्ड मतदान की अपील की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश जारी करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का महापर्व है और इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से उत्साहपूर्वक मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।

पहले चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम और पूर्व मेदिनीपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। राज्य भर में करीब 2,400 केंद्रीय बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं। पूर्व मेदिनीपुर में सबसे अधिक 273 कंपनियां, पश्चिम मेदिनीपुर में 271, मुर्शिदाबाद में 240, बांकुड़ा में 193, बीरभूम में 176, मालदा में 172 और पुरुलिया में 151 कंपनियां तैनात हैं।

पहले चरण के लिए कुल 44,376 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2,958 सहायक केंद्र शामिल हैं। इनमें 5,487 शहरी और 35,931 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। खास बात यह है कि 5,644 मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जा रहा है, जबकि 207 आदर्श मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 167 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। कूचबिहार दक्षिण, करंदीघी और इटाहार सीटों पर सबसे अधिक 15-15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि चंद्रकोणा सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतदाता आंकड़ों के अनुसार 100 वर्ष से अधिक आयु के 4,025 मतदाता, 85 वर्ष से अधिक आयु के 2,04,618 मतदाता और 2,53,244 दिव्यांग मतदाता इस चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, व्यापक निगरानी और प्रधानमंत्री की अपील के बीच यह मतदान पश्चिम बंगाल की राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share

Similar Posts