चुनाव 2026: सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत 152 सीटों पर जारी मतदान के बीच दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोग के अनुसार प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित प्रबंधन और उत्सव जैसे माहौल की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से वेबकास्टिंग व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए गए इंतजामों की प्रशंसा की। निर्वाचन आयोग ने बताया कि इन सभी सुविधाओं को न्यूनतम अनिवार्य व्यवस्थाओं के तहत सुनिश्चित किया गया है, ताकि हर मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
यह दौरा निर्वाचन आयोग के अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम 2026 के तहत किया गया, जिसके अंतर्गत 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल पहुंचा है। इसमें नामीबिया, जॉर्जिया, नेपाल, फिलीपींस, स्विट्जरलैंड और केन्या सहित विभिन्न देशों एवं अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य भारत की चुनावी व्यवस्थाओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
इस बीच नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने अपने गृह क्षेत्र नंदीग्राम में विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार मतदान प्रक्रिया अधिक शांतिपूर्ण रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में मतदाताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे दिन मतदान शांतिपूर्वक संपन्न होगा।
गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम के साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। भवानीपुर सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि नंदीग्राम में पहले चरण में ही वोटिंग जारी है।
इसी दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाई। अब तक अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण बताया गया है और सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।






