विवाहिता की मौत पर विवाद का माहौल: शव लेकर ससुराल पहुंचे परिजन; बोले- प्रताड़ना से परेशान थी बेटी

झाबुआ। विवाहिता की मौत के बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल में विवाद का माहौल बन गया। पोस्टमार्टम के दौरान मायके पक्ष के लोग ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। तीन साल पहले हुई थी शादी, एक छोटा बेटा भी मृतका की पहचान अंजलि उर्फ रेखा पति सुनील बोरेचा के रूप में हुई है। उसका मायका कल्याणपुरा में है। पिता का नाम रमेश मकवाना बताया गया है। मृतका का एक छोटा बेटा भी है।
ससुराल में करते थे प्रताड़ित
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा था। उनका कहना है कि वह ससुराल की प्रताड़ना से परेशान थी। उसे मायके कल्याणपुरा जाने की अनुमति नहीं दी जाती थी और फोन पर भी किसी से बात करने से रोका जाता था। परिजनों ने इसी प्रताड़ना को उसकी मौत की वजह बताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शव लेकर ससुराल पहुंचे, फोरलेन पर किया चक्काजाम
घटना के बाद गुरुवार को आक्रोशित परिजन कालीदेवी के पीएम रूम से शव लेकर सीधे ससुराल पहुंच गए। इसके बाद शाम को इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद परिजन दोबारा शव को ससुराल के सामने ले गए।

रात 8 बजे शव जिला अस्पताल लाया गया
पुलिस और प्रशासन की काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे शव को जिला अस्पताल लाया गया। शुक्रवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 1 बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए कल्याणपुरा मायके लेकर रवाना हो गए।
जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
टीआई जयराज सोलंकी ने बताया कि परिजनों ने कुछ देर के लिए चक्काजाम किया था, जिसे पुलिस ने तत्काल खुलवा दिया। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।