| |

भारत-अमरीका संबंधों पर विनय क्वात्रा की हेरिटेज फाउंडेशन विशेषज्ञों संग अहम बैठक

अमरीका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने वाशिंगटन स्थित प्रतिष्ठित थिंक टैंक हेरिटेज फाउंडेशन के विशेषज्ञों और विश्लेषकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई पोस्ट में राजदूत क्वात्रा ने इस चर्चा को “शानदार और उपयोगी” बताते हुए कहा कि बैठक ने भारत-अमरीका संबंधों में सहयोग और विश्वास को और मजबूत किया है। उन्होंने विशेष रूप से हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी को समर्थन दिए जाने के महत्व पर जोर दिया।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। इनमें साझा आर्थिक प्राथमिकताएं, एक निष्पक्ष और पारस्परिक रूप से लाभकारी वैश्विक व्यापार ढांचे की आवश्यकता और तेल एवं गैस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा शामिल रही। विशेषज्ञों ने ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति शृंखला की मजबूती को भी दोनों राष्ट्रों के बीच सहयोग का अहम हिस्सा बताया।

हेरिटेज फाउंडेशन को अमेरिका के शीर्ष रूढ़िवादी थिंक टैंकों में माना जाता है और यह ट्रम्प प्रशासन की नीतियों से अपनी निकटता के लिए जाना जाता है। ऐसे में इस संस्था के साथ भारतीय राजदूत की यह उच्च-स्तरीय बातचीत दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देती हुई मानी जा रही है।

भारत-अमरीका संबंधों को मजबूत करने के लिए विनय क्वात्रा लगातार विभिन्न अमेरिकी संस्थानों, नीति विशेषज्ञों और हितधारकों के साथ संवाद बढ़ा रहे हैं। उनकी यह कूटनीतिक सक्रियता द्विपक्षीय संबंधों में गहराई और विश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह बैठक भी इसी दिशा में एक निर्णायक कदम के रूप में देखी जा रही है।

Share

Similar Posts