विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने तेलुगु परंपरा से लिए फेरे, उदयपुर में रचाई शाही शादी

अरावली की खूबसूरत वादियों के बीच साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना विवाह सूत्र में बंध गए। दोनों ने गुरुवार सुबह पारंपरिक तेलुगु रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फेरे लिए। शाम को कोडवा परंपरा के अनुसार विशेष रस्में निभाई जानी हैं।
शादी के बाद दूल्हे पक्ष के परिजनों ने होटल के बाहर मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी साझा की। अरावली की पहाड़ियों से घिरे लक्ज़री होटल को गुलाब, आर्किड और ट्यूलिप जैसे विदेशी फूलों से सजाया गया था। मंडप को कच्चे केले के तनों और बड़े हरे पत्तों से दक्षिण भारतीय शैली में सुसज्जित किया गया, जिससे समारोह को सांस्कृतिक गरिमा मिली।
विवाह से पहले रश्मिका के माता-पिता ने पारंपरिक रीति से दूल्हे के परिवार का स्वागत किया। नारियल, पान के पत्ते, फल, मिठाइयां और हल्दी-कुमकुम भेंट किए गए। इसके बाद विजय की माता माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को परिवार की पारंपरिक चूड़ियां पहनाकर बहू के रूप में स्वीकार किया।
रश्मिका कर्नाटक के कोडवा समुदाय से संबंध रखती हैं, जबकि विजय तेलुगु हिंदू परिवार से आते हैं। इसी सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करते हुए विवाह दो अलग-अलग परंपराओं में संपन्न किया जा रहा है।
समारोह में करीबी मित्रों और परिवारजनों को ही आमंत्रित किया गया। प्रमुख मेहमानों में राहुल रविंद्रन, संदीप रेड्डी वांगा, आशिका रंगनाथ, तरुण भास्कर, ईशा रेब्बा और स्टाइलिस्ट श्रव्या वर्मा शामिल रहे। समारोह में ‘नो फोन पॉलिसी’ लागू रही, जिससे आयोजन की निजता बरकरार रही।
शादी के उपलक्ष्य में शाम को डीजे नाइट का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें प्रसिद्ध डीजे गणेश रंगनाथन प्रस्तुति देंगे।
उदयपुर हाल के वर्षों में सेलिब्रिटी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। इससे पहले क्रिकेटर हार्दिक पंड्या सहित कई चर्चित हस्तियों ने यहां भव्य समारोह आयोजित किए हैं। अरावली की प्राकृतिक सुंदरता, झीलों का आकर्षण और शाही होटल्स की भव्यता इसे विवाह के लिए खास बनाती है।
23 फरवरी से उदयपुर में मौजूद यह स्टार कपल चार दिनों तक चली पारंपरिक रस्मों के बाद 26 फरवरी को विवाह बंधन में बंधा।






