उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन पहुंचे मोतिहारी, दीक्षांत समारोह में करेंगे शिरकत

सी.पी. राधाकृष्णन शनिवार को मोतिहारी पहुंचे, जहां वे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति वायुसेना के हेलिकॉप्टर से मोतिहारी हवाईपट्टी पर उतरे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैयद अता हसनैन, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में कुल 475 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जबकि 23 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परिसर में उत्साह का माहौल है।
इसके अलावा उपराष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान भितिहरवा गांधी आश्रम का भी दौरा करेंगे, जो महात्मा गांधी से जुड़ा ऐतिहासिक स्थल है।






