हर-हर गंगे के जयघोष के साथ संगम पर वसंत पंचमी के पुण्य स्नान के लिए उमड़ा जनसैलाब

विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज माघ मेला के चौथे और महत्वपूर्ण स्नान पर्व वसंत पंचमी के पावन अवसर पर संगम तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। शुक्रवार तड़के शुभ मुहूर्त में हर-हर गंगे और बम-बम भोलेनाथ के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी।
वसंत पंचमी के अवसर पर भोर 2:28 बजे से पतित पावन मां गंगा, यमुना और अंत:सलीला सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान का क्रम प्रारंभ हो गया। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु संगम में स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। संगम और आसपास के सभी घाटों पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल, जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संगम समेत सभी प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। स्नान के बाद घाटों पर अनावश्यक भीड़ न लगे, इसके लिए लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से अपील की जा रही है।
चौथे महत्वपूर्ण स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त प्रयागराज जोगेन्द्र कुमार, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, माघ मेला अधिकारी ऋषिराज, पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) नीरज कुमार पांडेय सहित सभी वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम स्नान की सुविधा प्रदान करना है, ताकि वसंत पंचमी का यह पावन पर्व श्रद्धा और शांति के साथ संपन्न हो सके।






