बॉलीवुड के बाद अब हॉलीवुड में एंट्री की तैयारी में वरुण धवन! बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा तेज
बॉलीवुड के बाद अब हॉलीवुड में एंट्री की तैयारी में वरुण धवन! बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा तेज
अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनके फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरुण अब हॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं और एक बड़े इंटरनेशनल प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
अमेरिकी निर्माता के साथ चल रही बातचीत
सूत्रों के अनुसार, वरुण धवन की मशहूर अमेरिकी निर्माता लॉरेंस कासानॉफ के साथ एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ हफ्तों से दोनों पक्षों के बीच लगातार चर्चा हो रही है और अब मामला लगभग फाइनल स्टेज तक पहुंच चुका है।
अगर यह डील पक्की होती है, तो यह वरुण धवन के करियर का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय मौका साबित हो सकता है।
कैसी होगी हॉलीवुड फिल्म?
रिपोर्ट्स की मानें तो यह प्रोजेक्ट समानांतर ब्रह्मांड (Parallel Universe) की अवधारणा पर आधारित एक बड़े स्तर की एक्शन फिल्म होगी। फिल्म में हाई-ऑक्टेन एक्शन और इंटरनेशनल स्केल की कहानी देखने को मिल सकती है।
कौन हैं लॉरेंस कासानॉफ?
गौरतलब है कि लॉरेंस कासानॉफ हॉलीवुड के चर्चित निर्माता हैं। उन्होंने साल 1990 में मशहूर फिल्ममेकर जेम्स कैमरून के साथ मिलकर ‘लाइटस्टॉर्म एंटरटेनमेंट’ की स्थापना की थी। वह ‘टर्मिनेटर 2’ और ‘मोर्टल कॉम्बैट’ जैसी बड़ी फिल्मों के निर्माण के लिए जाने जाते हैं।
5 जून को रिलीज होगी नई फिल्म
वर्कफ्रंट की बात करें तो वरुण धवन की फिल्म ‘जवानी तो इश्क होना है’ जल्द रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन उनके पिता डेविड धवन ने किया है और इसमें मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






