वाराणसी में अष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाल चुनरी और नारियल के साथ श्रद्धालुओं ने किए मां दुर्गा के दर्शन

वाराणसी में नवरात्र के अष्टमी पर्व पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां दुर्गाकुंड क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्र अष्टमी के पावन अवसर पर भक्त लाल चुनरी, नारियल और अड़हुल माला लेकर मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के साथ-साथ नौ देवियों के भी दर्शन किए। इस दौरान हवन कुंड में हवन का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण किए। पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर नजर आया।

मंदिर के महंत परिवार से जुड़े पशुपतिनाथ दुबे ने बताया कि नवरात्र अष्टमी का विशेष महत्व है, इस दिन मां दुर्गा की स्तुति करने से शक्ति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि उदया तिथि के कारण इस बार सभी श्रद्धालुओं ने अष्टमी का व्रत रखा और सुबह से ही दर्शन-पूजन का क्रम जारी है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुरक्षा टोली लगातार सक्रिय है और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। वहीं, इस वर्ष मंदिर प्रांगण में फोटो खींचने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और व्यवस्था बनी रहे।

नवरात्र के इस पावन अवसर पर मां दुर्गा दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर वाराणसी की धार्मिक परंपरा और आस्था की गहराई को दर्शाया।

Share

Similar Posts