वैभव सूर्यवंशी जल्द पहन सकते हैं टीम इंडिया की जर्सी, कुमार संगकारा ने जताया भरोसा
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। संगकारा का मानना है कि 15 वर्षीय वैभव जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी पहन सकते हैं, क्योंकि उन्होंने आईपीएल 2026 में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की है।
क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके साथ ही वैभव ने IPL 2026 का समापन ऑरेंज कैप विजेता के रूप में किया। पिछले चार मुकाबलों में यह उनकी तीसरी 90+ रन की पारी रही।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमार संगकारा ने वैभव की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि राजस्थान रॉयल्स को उनके प्रदर्शन पर गर्व है और फ्रेंचाइजी चाहती है कि वह आगे भी अपने निडर खेल और सकारात्मक सोच को बनाए रखें।
वैभव के भारतीय टीम में चयन की संभावनाओं पर संगकारा ने कहा, “वैभव ने अब तक जो दिखाया है, उससे मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है कि उसे बहुत जल्द भारतीय टीम से बुलावा मिलेगा।”
संगकारा ने कहा कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ 96 रन की पारी वैभव की परिपक्वता का उदाहरण थी। उन्होंने बताया कि धीमी पिच और लगातार गिरते विकेटों के बीच इस तरह की पारी खेलना आसान नहीं होता, लेकिन वैभव ने परिस्थितियों को शानदार तरीके से समझा।
उन्होंने कहा, “वैभव मैच की जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी करता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।”
राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी के विकास के लिए विशेष योजना तैयार की है, ताकि उनका क्रिकेट करियर सही दिशा में आगे बढ़ सके। संगकारा ने बताया कि टीम प्रबंधन उन पर अनावश्यक दबाव नहीं डालना चाहता और उन्हें खुलकर खेलने की आजादी देना चाहता है।
उन्होंने कहा कि वैभव टीम बैठकों में सक्रिय रहते हैं, वीडियो देखकर तैयारी करते हैं और लगातार मेहनत कर रहे हैं। मेडिकल टीम के साथ मिलकर उनके लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया जाएगा और नागपुर में आयोजित टीम कैंप में उन्हें पर्याप्त अभ्यास का मौका मिलेगा।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की कप्तानी की भी संगकारा ने सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे सीजन में चोटों, करीबी हार और कई उतार-चढ़ाव के बावजूद शानदार संघर्ष दिखाया।
संगकारा ने स्पष्ट किया कि राजस्थान रॉयल्स अब केवल युवा खिलाड़ियों को तैयार करने वाली टीम नहीं, बल्कि टूर्नामेंट जीतने वाली टीम बनने पर फोकस कर रही है। उन्होंने कहा कि वैभव को टीम में इसलिए चुना गया क्योंकि उनमें सर्वश्रेष्ठ एकादश में खेलने की क्षमता दिखाई दी।
संगकारा ने विश्वास जताया कि राजस्थान रॉयल्स अगले सीजन में और अधिक मजबूत होकर वापसी करेगी।






