|

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश शनिवार को उत्साह और गर्व के साथ अपना 77वां स्थापना दिवस मना रहा है। 24 जनवरी 1950 को ‘यूनाइटेड प्रोविंस’ का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। तभी से प्रत्येक वर्ष यह दिन प्रदेश के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी संदेश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिखा,
“उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है। मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।”

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा,
“मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम, लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण और देवाधिदेव महादेव की पावन धरा उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उत्तर प्रदेश वह भूमि है, जहां परंपरा और प्रगति साथ-साथ चलती हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ के संकल्प के साथ प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह ने भी एक्स पोस्ट के माध्यम से प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया उत्तर प्रदेश सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बन रहा है। उन्होंने कहा कि काशी की दिव्यता, प्रयाग की आध्यात्मिकता, अयोध्या की मर्यादा और मथुरा की माधुर्य परंपरा से सिंचित उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा का जीवंत स्वरूप है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज निवेश, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार, औद्योगिक गलियारों, स्टार्टअप संस्कृति और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।

Share

Similar Posts