अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘प्रोजेक्ट वॉल्ट’ का किया शुभारंभ, अहम खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की पहल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ धातुओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट वॉल्ट’ का शुभारंभ किया है। इस परियोजना के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में अमेरिका को किसी भी अहम खनिज की कमी का सामना न करना पड़े।
प्रोजेक्ट वॉल्ट के उद्घाटन के अवसर पर राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि बीते वर्षों में बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं के कारण अमेरिकी उद्योगों को महत्वपूर्ण खनिजों की भारी कमी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि अब उनका प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि अमेरिकी व्यवसायों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान उनकी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं, ताकि अमेरिका के पास वे सभी महत्वपूर्ण खनिज और दुर्लभ धातुएं उपलब्ध रहें, जो राष्ट्रीय सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, ऊर्जा और औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक हैं। यह पहल अमेरिका की आर्थिक मजबूती और रणनीतिक आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर अमेरिकी निर्यात-आयात बैंक के अध्यक्ष जॉन जोवानोविक ने कहा कि प्रोजेक्ट वॉल्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अमेरिकी इतिहास में पहली बार रणनीतिक महत्वपूर्ण खनिज भंडार के वित्तपोषण से अमेरिकी करदाताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए दूरदर्शी पहल बताया।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रोजेक्ट वॉल्ट से अमेरिका को चीन और अन्य देशों पर महत्वपूर्ण खनिजों के आयात की निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा उद्योग और उच्च तकनीक क्षेत्र को भी मजबूत आधार प्रदान करेगी।






