|

ओमान की खाड़ी में टकराव: अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान का पलटवार का ऐलान, बढ़ा तनाव

ओमान की खाड़ी में हुई एक बड़ी घटना के बाद अमेरिका-ईरान तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। संघर्ष विराम के बीच अमेरिकी नौसेना द्वारा ईरानी झंडे वाले जहाज पर फायरिंग और उसे कब्जे में लेने की घटना ने दोनों देशों के बीच चल रही शांति वार्ता को झटका दिया है।

ईरान की सेना ने इस कार्रवाई को युद्धविराम का उल्लंघन बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सरकारी ब्रॉडकास्ट के अनुसार, सेना ने कहा कि अमेरिका ने समुद्री मार्ग पर “सशस्त्र डकैती” की है और इसका जवाब दिया जाएगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी युद्धपोत ने ओमान सागर के जल क्षेत्र में ईरानी जहाज पर कई राउंड फायरिंग की और उसके नेविगेशन सिस्टम को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद जहाज पर अमेरिकी सैनिकों को तैनात कर उसे अपने कब्जे में ले लिया गया।

वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बयान जारी कर कहा कि संबंधित जहाज अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। नाकाबंदी लागू होने के बाद से अमेरिका कई वाणिज्यिक जहाजों को वापस लौटने या ईरान के बंदरगाहों की ओर जाने के निर्देश दे चुका है।

इस घटना से कुछ घंटे पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत के लिए अपनी टीम को पाकिस्तान के इस्लामाबाद भेजने की बात कही थी। हालांकि, अब ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका अपनी नाकाबंदी नहीं हटाता, तब तक किसी भी तरह की बातचीत संभव नहीं है।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी इस कार्रवाई को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया है और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बातचीत में इस पर चिंता जताई है। उन्होंने आशंका जताई कि अमेरिका कूटनीति के साथ विश्वासघात कर सकता है।

इस घटनाक्रम के बाद वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर डाल सकता है।

Share

Similar Posts