अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर तीन दिवसीय नेपाल दौरे पर काठमांडू पहुंचे

अमेरिकी विदेश मंत्रालय में दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर तीन दिनों के आधिकारिक दौरे पर सोमवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत नेपाल के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों और अमेरिकी दूतावास के प्रतिनिधियों ने किया।
भारतीय मूल के समीर पॉल कपूर का यह दौरा नेपाल में नई सरकार के गठन के बाद हो रहा है। उनका मुख्य उद्देश्य अमेरिका-नेपाल संबंधों को और मजबूत करना और द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देना है।
काठमांडू प्रवास के दौरान कपूर उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे और नेपाल सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि वे प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के साथ रणनीतिक और कूटनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अक्टूबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समीर पॉल कपूर को दक्षिण एशिया मामलों का सहायक विदेश मंत्री नियुक्त किया था। इससे पहले यह जिम्मेदारी डोनाल्ड लू संभाल रहे थे।
कपूर का यह दौरा तीन दिनों का है और वे बुधवार को वापस लौटेंगे। नेपाल में नई सरकार बनने के बाद यह उनका पहला दौरा है, जिसे कूटनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






