मुंबई 26/11 स्मारक पर अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर की श्रद्धांजलि, आतंकवाद के खिलाफ भारत-अमेरिका एकजुट

भारत में अमरीका के राजदूत और दक्षिण तथा मध्य एशिया के विशेष दूत सर्जियो गोर ने कल मुंबई के ताज पैलेस होटल स्थित 26/11 स्मारक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 26/11 आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 166 निर्दोष लोगों, जिनमें 6 अमरीकी नागरिक भी शामिल थे, को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सर्जियो गोर ने भारतीय सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान की सराहना करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और अमरीका एक साथ खड़े हैं। उन्होंने इस त्रासदी को याद करते हुए आशा व्यक्त की कि ऐसी भयावह घटना दोबारा न हो।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में अमरीकी राजदूत ने कहा कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के शासनकाल में 26/11 हमलों के साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा को न्याय के कटघरे में लाने के लिए भारत के हवाले किया गया, जो दोनों देशों के मजबूत सहयोग को दर्शाता है।
यह दौरा भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी और आतंकवाद के खिलाफ साझा संकल्प का प्रतीक माना जा रहा है।






