सीमेंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मजदूर की मौत, परिजनों ने शव रखकर लगाया सड़क जाम

उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र के रामपुर सक्तेशगढ़ में गुरुवार सुबह करीब दस बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीमेंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर एक मजदूर उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को राजगढ़–चुनार मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया।
मृतक की पहचान सक्तेशगढ़ चौकी क्षेत्र के घुनिया पुरवा निवासी 26 वर्षीय करन के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार को वह सक्तेशगढ़ बाजार से सीमेंट लोड कर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर दो अन्य मजदूरों के साथ अपने गांव जा रहा था।
रामपुर सक्तेशगढ़ के पास अचानक करन ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिर पड़ा और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और साथ मौजूद अन्य मजदूर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर राजगढ़–चुनार मार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना पर चुनार, राजगढ़ और मड़िहान थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास शुरू किया। क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






