योगी सरकार ने खरीदा एडवांस AW139 हेलीकॉप्टर, अयोध्या यात्रा के बाद चर्चा में

उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षित यात्रा के लिए अपने विमान बेड़े में नया अत्याधुनिक AW139 हेलीकॉप्टर शामिल किया है। इटली की एयरोस्पेस कंपनी Leonardo द्वारा निर्मित यह हेलीकॉप्टर उन्नत एवियोनिक्स, क्रैश सेफ्टी सिस्टम और आधुनिक सुरक्षा तकनीकों से लैस है। मुख्यमंत्री योगी हाल ही में इसी हेलीकॉप्टर से अयोध्या गए थे, जिसके बाद यह हेलीकॉप्टर चर्चा में आ गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार Leonardo AW139 हेलीकॉप्टर अपनी उन्नत तकनीक और सुरक्षा फीचर्स के कारण अन्य हेलीकॉप्टरों से अलग माना जाता है। इसे उड़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षित पायलट की आवश्यकता होती है। इसी वजह से राज्य सरकार ने कैप्टन अमित कुमार भूटानी, कैप्टन अक्षय जायसवाल और कैप्टन राजेश कुमार शर्मा को इटली भेजकर विशेष प्रशिक्षण दिलाया। इस प्रशिक्षण में इंस्ट्रूमेंट फ्लाइंग और कठिन परिस्थितियों में इमरजेंसी लैंडिंग कराने का अभ्यास भी शामिल था। सरकार ने इस प्रशिक्षण पर लगभग 50.40 लाख रुपये खर्च किए हैं।
इस AW139 हेलीकॉप्टर की अधिकतम रफ्तार लगभग 310 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह खराब मौसम और रात के समय भी सुरक्षित उड़ान भर सकता है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में भी इसका उपयोग किया जा सकता है। सुरक्षा के लिहाज से इसकी बॉडी मजबूत और क्रैश सेफ्टी सिस्टम से लैस है। इसमें डिजिटल ग्लास कॉकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।
यह हेलीकॉप्टर दो पायलटों के साथ लगभग 15 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखता है। इसका केबिन सामान्य हेलीकॉप्टरों की तुलना में अधिक चौड़ा और आरामदायक है। उन्नत इंजन सिस्टम के कारण यदि एक इंजन काम न करे तो दूसरे इंजन के सहारे आपातकालीन उड़ान जारी रखी जा सकती है। बताया जा रहा है कि इस हेलीकॉप्टर की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है और इसे वीवीआईपी यात्राओं तथा आपातकालीन मिशनों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।






