उमरिया बाल विकास कार्यालय जर्जर: छत से टपक रहा पानी; कंप्यूटर और रिकॉर्ड खराब होने की आशंका

उमरिया। करकेली का बाल विकास परियोजना कार्यालय इन दिनों जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। बारिश के दौरान छत से लगातार पानी टपकने के कारण कर्मचारियों को काम करने में परेशानी हो रही है।
कार्यालय के कई कमरों में पानी पहुंच रहा है। ऐसे में कंप्यूटर और जरूरी सामान को बचाने के लिए कर्मचारियों को बैनर और अन्य सामान से ढककर काम करना पड़ रहा है।
कंप्यूटर और रिकॉर्ड खराब होने का खतरा
बारिश के दौरान छत से पानी टपकने से कार्यालय में रखे कंप्यूटर, दस्तावेज और सरकारी रिकॉर्ड खराब होने का खतरा बना हुआ है। पानी से बचाने के लिए कर्मचारियों ने कंप्यूटर और अन्य उपकरणों को ढक दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि लगातार पानी गिरने के कारण कार्यालय में सामान्य तरीके से काम करना मुश्किल हो जाता है। एक तरफ उन्हें अपना काम करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर सरकारी रिकॉर्ड और उपकरणों को पानी से बचाने की चिंता भी बनी रहती है।

कई बार अधिकारियों को दी जानकारी
कर्मचारियों के मुताबिक, भवन की जर्जर हालत और छत से पानी रिसने की समस्या के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक भवन की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बारिश का मौसम अभी जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ने की आशंका है। यदि समय रहते छत और भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो सरकारी रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंच सकता है।

कर्मचारियों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कार्यालय भवन का जल्द निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भवन की जरूरी मरम्मत कराई जाए, ताकि कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल मिल सके और सरकारी कामकाज भी बिना परेशानी जारी रह सके।
फिलहाल बारिश के दौरान कार्यालय में पानी टपकने से कर्मचारियों को रोज परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।