उज्जैन में युवक पर चाकू से हमला करने वाले नाबालिग गिरफ्तार: बीच-बचाव में गर्दन पर मारा चाकू; CCTV से खुली पोल

उज्जैन। मोहननगर क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक पर चाकू से हमला करने का हो गया। शुरुआत में परिजनों ने तीन युवकों द्वारा हमला किए जाने की बात कही थी। जब पुलिस ने मौके पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, तो पूरा घटनाक्रम सामने आया। पता चला कि युवक ने पहले एक नाबालिग के साथ मारपीट की थी, जिसके बचाव में उसके साथियों ने हमला किया।
मोहननगर में रहने वाला 30 वर्षीय हैदर पिता माशूक अली मानसिक रूप से ठीक नहीं थी। रविवार शाम को उसकी बहन रानी उसे घायल हालत में चरक अस्पताल लेकर पहुंची थी। बहन ने बताया कि 3 युवकों ने उस पर चाकू से हमला किया। गर्दन पर नुकीली चीज से गहरा घाव होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तुरंत भर्ती किया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के सामने नहीं बोल पा रहा था घायल
सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान लेने की कोशिश की, लेकिन हैदर कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। परिजन भी घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता पा रहे थे। इसके बाद थाना प्रभारी विवेक कनोडिया खुद एक्टिव हुए और अपनी टीम के साथ मोहननगर पहुंचे।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
जांच के दौरान तीन नाबालिगों के शामिल होने की बात सामने आई, जिनकी पहचान दो मोहननगर और एक सम्राटनगर के रहने वाले के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में उसने चाकू मारने से इनकार किया, जिसके बाद थाना प्रभारी ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
फुटेज में साफ दिखा कि घायल हैदर कुछ लोगों के साथ पैदल जा रहा था। रास्ते में कुछ दूरी पर बैठे नाबालिगों के पास हैदर अचानक दौड़ा हुआ पहुंचा और एक बालक को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस पर बालक के दो अन्य साथियों ने बीच-बचाव करते हुए हैदर की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस को अहम फुटेज मिले हैं, और फरार चल रहे अन्य दो नाबालिगों की तलाश के लिए उनके परिजनों से पूछताछ की जा रही है।