उज्जैन में तीन युवक 53 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार: ओडिशा से लाए थे माल; बिना नंबर की थी कार

उज्जैन। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर आये 3 युवक कार से तराना की ओर जा रहे थे। जानकारी मिलते ही कनीपुरा मार्ग पर घेराबंदी की गई।
बिना नम्बर की हुंडई ऑरा कार को रोका गया। कार में से 25 पैकेट में भरा 53 किलो 372 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
पूछताछ में तीनों ने ट्रेन से ओडिशा से उज्जैन तक गांजा लाने की बात मान ली हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
श्री साईकुंज कॉलोनी के सामने की नाकाबंदी
चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार रात एसआई जयदीप राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर कानीपुरा-तराना रोड से गुजरने वाले हैं। पुलिस टीम ने श्री साईकुंज कॉलोनी के सामने नाकाबंदी की।
53.372 किलोग्राम गांजा बरामद
कुछ देर बाद कानीपुरा की ओर से तराना तरफ जाती बिना नंबर की सफेद हुंडई ऑरा कार दिखाई दी। कार को रोका गया और कार की तलाशी ली गई। कार की पिछली सीट और डिक्की में तीन लॉक बैग व सूटकेस मिले। सभी में 25 पैकेटों में भरा 53.372 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
उज्जैन, बिहार और इटावा के है आरोपी
पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया की तीनों उज्जैन, बिहार और इटावा के रहने वाले है। आरोपीयों की पहचान आदर्श पिता रमेशचन्द्र नायक 29 वर्ष, निवासी ग्राम इटावा थाना तराना, हाल राज रॉयल्स कॉलोनी, तेजस पिता बहादुर वर्मा 19 वर्ष, निवासी देव नगर तिरुपति कॉलोनी उज्जैन और साहिल पिता हाकिम हैला 30 वर्ष, निवासी बड़ा मोहल्ला पान बिहार थाना घट्टिया है।
गांजा ले जाने की बात कुबूली
प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने गांजा ओडिशा से ट्रेन के माध्यम से उज्जैन तक लाना और फिर तराना ले जाना कबूल किया है। तीनों को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।