उज्जैन में सफाई कर्मचारी को मारा चाकू: पुलिस ने महाकाल मंदिर के सामने लगवाई उठक-बैठक; तीन आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट और चाकू से हमला किया। घटना 29 अगस्त की रात 9:30 बजे शक्ति पथ और धनुष द्वार के बीच की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रंजीत हनुमान क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय उमेश टेटवाल महाकाल मंदिर के नंदी हॉल में सफाई कर्मचारी है। वह रात में ड्यूटी पर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में दो लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि साइड से चलने की बात को लेकर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
चाकू से घायल किया
इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर उमेश को घायल कर दिया, जबकि दूसरे आरोपी ने उसे पकड़कर थप्पड़-मुक्कें मारे। घटना की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महाकाल थाना पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गगन बादल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनक हरित, हर्ष उर्फ बाबू पंवार और अर्पित उर्फ काजू फतरोड़ के रूप में हुई है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है
मंदिर के सामने मांगी माफी
उज्जैन में सफाई कर्मचारी से मारपीट और चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें महाकाल मंदिर के गेट के सामने लेकर पहुंची। यहां आरोपियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई। कार्रवाई देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तालियां बजाकर पुलिस का समर्थन किया। इसी दौरान आरोपियों के साथ पुलिस की सख्ती का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस पाइप से आरोपियों को पिटती हुई नज़र आ रही है।