उज्जैन में पुरानी रंजिश में दो भाइयों की हत्या:परिजन पर लाठी-तलवार और पत्थरों से हमला; शॉर्ट एनकाउंटर में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन में पुरानी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र का है। वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 4 अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। वहीं, तीन आरोपी फरार हैं।
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि पासी परिवार और गोरकर परिवार के बीच बीते होली के त्योहार पर एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश खत्म नहीं हुई।
शनिवार रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी, डंडों, तलवार और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया। आरोप है कि पासी परिवार के सदस्यों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायर किए गए। एक गोली लोकेश गोरकर को लगी। उसकी मौके पर मौत हो गई। लोकेश के बड़े भाई जय और चचेरे भाई तपन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जय ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
पिता का निधन हो चुका, परिवार में अकेली मां बची
परिजन के मुताबिक, जय की शादी दो साल पहले ही हुई थी जबकि लोकेश की शादी की बात चल रही थी। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब घर में केवल उनकी मां बची हैं। एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सीनियर पुलिस अफसर और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नरेश पासी, लोकेश, राकेश, बंटी और मंजू बाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। सन्नी, रोशन और दुर्गेश की तलाश की जा रही है।