उधमपुर बस हादसा: पहाड़ी से गिरी यात्री बस, 15 की मौत, 20 घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक भीषण बस दुर्घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक यात्री बस पहाड़ी रास्ते पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
जानकारी के अनुसार, यह बस एक दूरस्थ गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे रामनगर क्षेत्र के कागोर्त गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर चालक का नियंत्रण खोने से बस पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य आपातकालीन टीमें भी मौके पर पहुंचीं और घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 20 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हादसे के बाद जिला प्रशासन से बात कर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और पीड़ितों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे को दुखद बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
प्रशासन ने क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है, जबकि हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।






