तुर्किये में भूकंप से दहशत: 5.6 तीव्रता के झटके, डर से लोगों ने खिड़कियों-छतों से लगाई छलांग
तुर्किये के पूर्वी प्रांत मालत्या में बुधवार को आए 5.6 तीव्रता के भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए, जबकि कुछ ने डर के कारण खिड़कियों और छतों से छलांग तक लगा दी। हालांकि अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन कई लोग घायल हुए हैं।
तुर्किये के आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण (AFAD) के अनुसार, भूकंप का केंद्र बत्तालगाजी जिला रहा और इसकी गहराई लगभग 7 किलोमीटर दर्ज की गई। झटके आदियामन, एलाजिग, तुनसेली और सानलिउर्फा जैसे आसपास के प्रांतों में भी महसूस किए गए।
दहशत में लोगों ने लगाई छलांग, कई घायल
मालत्या के गवर्नर सेद्दार यावुज ने सरकारी प्रसारक को जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप के बाद आपातकालीन सेवाओं को 22 कॉल प्राप्त हुईं और छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि दो लोग घबराहट में अपने घरों की ऊपरी मंजिलों से कूद गए, जबकि चार अन्य लोग मानसिक आघात (ट्रॉमा) का शिकार हुए। राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
कई इमारतों को नुकसान, स्कूल बंद
भूकंप के कारण याजिहान जिले में एक पशुशाला आंशिक रूप से ढह गई, जबकि दोआन सेहिर जिले में एक खाली इमारत को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर एक दिन के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं।
सोशल मीडिया और स्थानीय वीडियो फुटेज में लोग इमारतों से बाहर भागते और पार्कों व खुले स्थानों पर इकट्ठा होते दिखाई दिए।
2023 की तबाही के बाद अब ‘भूकंपरोधी शहर’ बना मालत्या
गवर्नर यावुज ने कहा कि 2023 के विनाशकारी भूकंप के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के चलते मालत्या को काफी हद तक भूकंपरोधी शहर बनाया गया है।
उन्होंने बताया, “हमने 1.24 लाख भूकंपरोधी आवासीय इकाइयां तैयार की हैं। यही वजह है कि इस बार बड़ा नुकसान नहीं हुआ।”
गौरतलब है कि 6 फरवरी 2023 को आए विनाशकारी भूकंप ने तुर्किये और सीरिया में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें हजारों लोगों की मौत हुई थी।
5.4 तीव्रता का एक और झटका
वहीं, वर्ल्ड ईक्यू लोकेटर और यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने भी सिंसिक क्षेत्र के पास 5.4 तीव्रता के एक अन्य भूकंप की पुष्टि की है। भारतीय समयानुसार यह झटका सुबह 11:30 बजे महसूस किया गया, जिसके बाद कई स्कूलों को एहतियातन खाली करा लिया गया।






