टॉप-10 कंपनियों के मार्केट कैप में 2.51 लाख करोड़ की गिरावट, रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा झटका

घरेलू शेयर बाजार में बीते कारोबारी सप्ताह के दौरान वैश्विक दबाव और बिकवाली के चलते बीएसई की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से नौ के मार्केट कैप में भारी गिरावट दर्ज की गई। इन कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 2.51 लाख करोड़ रुपये से अधिक घट गया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और लार्सन एंड टूब्रो के मार्केट कैप में कुल 2,51,711.60 करोड़ रुपये की गिरावट आई। वहीं, टॉप-10 में शामिल केवल हिंदुस्तान यूनिलीवर ऐसी कंपनी रही, जिसके मार्केट कैप में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
19 से 23 जनवरी 2026 के बीच हुए कारोबार में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 96,960.17 करोड़ रुपये घटकर 18,75,533.04 करोड़ रुपये रह गया। इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 48,644.99 करोड़ रुपये गिरकर 9,60,825.29 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इस अवधि में एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 22,923.02 करोड़ रुपये घटकर 14,09,611.89 करोड़ रुपये, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 17,533.97 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 11,32,010.46 करोड़ रुपये, जबकि टीसीएस का मार्केट कैप 16,588.93 करोड़ रुपये घटकर 11,43,623.19 करोड़ रुपये पर आ गया।
इसके अलावा लार्सन एंड टूब्रो का मार्केट कैप 15,248.32 करोड़ रुपये घटकर 5,15,161.91 करोड़ रुपये, बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 14,093.93 करोड़ रुपये कम होकर 5,77,353.23 करोड़ रुपये, एसबीआई का मार्केट कैप 11,907.50 करोड़ रुपये फिसलकर 9,50,199.77 करोड़ रुपये और इंफोसिस का मार्केट कैप 7,810.77 करोड़ रुपये घटकर 6,94,078.82 करोड़ रुपये रह गया।
वहीं, कमजोर बाजार माहौल के बावजूद हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर मजबूती दिखाने में सफल रहे। कंपनी का मार्केट कैप इस सप्ताह 12,311.86 करोड़ रुपये बढ़कर 5,66,733.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 18,75,533.04 करोड़ रुपये के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और लार्सन एंड टूब्रो क्रमशः टॉप-10 सूची में शामिल हैं।






