|

भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी इमिग्रेशन स्टैम्प का खेल, थाईलैंड की दो महिलाएं गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी इमिग्रेशन स्टैम्प का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पानीटंकी इलाके में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने थाईलैंड की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए सीमा पार करने की कोशिश कर रही थीं।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पिमचानोक केटला और चिनतारा बुद्धाफोंग के रूप में हुई है। मामले में एक वाहन चालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

जांच में सामने आया फर्जी स्टैम्प का मामला

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दोनों महिलाएं भारत-नेपाल सीमा पार करने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान एसएसबी जवानों ने दस्तावेजों की नियमित जांच के दौरान उनके वीजा पर लगे इमिग्रेशन स्टैम्प को संदिग्ध पाया।

जब इमिग्रेशन विभाग से स्टैम्प का सत्यापन कराया गया तो पता चला कि इन नामों से कोई आधिकारिक इमिग्रेशन स्टैम्प जारी ही नहीं हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों महिलाएं कथित रूप से फर्जी स्टैम्प का इस्तेमाल कर अवैध रूप से सीमा पार करना चाहती थीं।

वाहन चालक भी गिरफ्त में

एसएसबी ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस चारपहिया वाहन से दोनों महिलाएं नेपाल के भद्रपुर की ओर जा रही थीं, उसका चालक मौके से फरार हो गया था।

हालांकि, पुलिस ने देर रात छापेमारी कर वाहन चालक कुलदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

बड़े नेटवर्क की आशंका

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल से भी जांच कर रही हैं कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा फर्जी दस्तावेज या मानव तस्करी से जुड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। खोरीबाड़ी थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

Share

Similar Posts