तेहरान में भीषण विस्फोट, इजराइल पर मिसाइल हमले तेज; लेबनान का कासमीयेह पुल ध्वस्त

पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात और गंभीर हो गए हैं। Tehran में सोमवार को भीषण विस्फोटों ने पूरे शहर को हिला दिया, जबकि Israel के आसमान में मिसाइलों की तेज रफ्तार से हमले जारी हैं। Lebanon में कासमीयेह पुल को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान के पूर्वी हिस्से में इस युद्ध का अब तक का सबसे बड़ा हमला हुआ है। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एयर डिफेंस सिस्टम को तत्काल सक्रिय करना पड़ा। अधिकारियों का दावा है कि अमेरिका और इजराइल ने मिलकर यह एकीकृत हमला किया है, जिससे राजधानी का बड़ा इलाका प्रभावित हुआ है।

इससे पहले Israel Defense Forces (आईडीएफ) ने ईरान पर हमले की चेतावनी दी थी। वहीं, ईरान के खुर्रमबाद शहर में भी हवाई हमलों के बाद भारी तबाही की खबर है। मिसाइल और रॉकेट हमलों के चलते इलाके में ब्लैकआउट हो गया और कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं।

इसी बीच, दक्षिणी लेबनान में स्थित कासमीयेह पुल को इजराइली हमले में उड़ा दिया गया। लेबनान के राष्ट्रपति Joseph Aoun ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। पुल ध्वस्त होने से यातायात और मानवीय सहायता की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

इजराइल का कहना है कि इस पुल का इस्तेमाल Hezbollah के आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, इसलिए इसे निशाना बनाना जरूरी था। वहीं, आईडीएफ ने दावा किया है कि मध्य इजराइल पर ईरान की क्लस्टर मिसाइल हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई। हालांकि, ईरान के हालिया हमले में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पश्चिम एशिया में 28 फरवरी से जारी इस संघर्ष के थमने के फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं। इस युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर तेल और गैस संकट गहराने लगा है, जिससे कई देशों में आर्थिक दबाव और अस्थिरता बढ़ रही है।

Share

Similar Posts