तमिलनाडु चुनाव 2026: 2 घंटे में 17.69% मतदान, तिरुप्पूर सबसे आगे

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के तहत मतदान जारी है और शुरुआती दो घंटों में मतदाताओं का अच्छा उत्साह देखने को मिला है। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक राज्य में कुल 17.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान प्रतिशत के मामले में तिरुप्पूर जिला सबसे आगे रहा, जहां 20.38 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
राज्यभर में कई प्रमुख नेताओं और हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन, नाम तमिऴर कच्ची के नेता सीमान, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम सहित कई दिग्गजों ने मतदान किया।
फिल्मी जगत से भी मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। सुपरस्टार रजनीकांत ने चेन्नई के गोपालपुरम स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने मतदान के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी चेन्नई के तेयनामपेट में अपने परिवार के साथ मतदान किया। उनके साथ उनकी पत्नी दुर्गा स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं अभिनेता से नेता बने विजय ने पहली बार अपनी पार्टी तमिलगा वेत्रि कषगम के प्रमुख और उम्मीदवार के रूप में मतदान किया। इस बार उनकी पार्टी राज्य की सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
राज्य में जारी यह मतदान आने वाली सरकार की दिशा तय करेगा, वहीं शुरुआती आंकड़े मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी का संकेत दे रहे हैं।






