टी-20 विश्वकप सेमीफाइनल में भारत की जीत के लिए काशी में मां गंगा की आरती, युवाओं ने टीम इंडिया का बढ़ाया हौसला

टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत बनाम इंग्लैंड मैच को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में गुरुवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने टीम इंडिया की जीत के लिए मां गंगा की आरती कर प्रार्थना की।
सुबह ललिता घाट पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीरों और राष्ट्रध्वज के साथ शंखनाद कर टीम इंडिया का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “चक दे इंडिया” और “जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा घाट गूंज उठा।
नमामि गंगे अभियान से जुड़े सदस्यों ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाए। इस दौरान माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं ने एक साथ मिलकर भारतीय टीम की जीत की कामना की।
नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि अगर भारत को फाइनल का टिकट हासिल करना है, तो इंग्लैंड के खिलाफ साधारण नहीं बल्कि “खास” प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत के 140 करोड़ लोगों की उम्मीदें टीम इंडिया से जुड़ी हैं, और सभी देशवासी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की कामना कर रहे हैं।
इस अवसर पर मनीष शर्मा, निशि गर्ग, उत्कर्ष केसरी, संजय गर्ग, अमन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर टीम इंडिया के समर्थन में प्रार्थना की और खिलाड़ियों को जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।






