मुंबई-पुणे हाइवे पर सांसद सुप्रिया सुले की कार हादसे का शिकार, दूसरी गाड़ी की टक्कर से बाल-बाल बचीं
एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। मुंबई-पुणे हाइवे पर उनकी कार को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, बारामती लोकसभा सीट से सांसद सुप्रिया सुले पुणे से मुंबई की ओर यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने उनकी कार को किनारे से टक्कर मार दी। हादसे में कार को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सुप्रिया सुले ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का नंबर GJ 13 CF 5257 है। उन्होंने कहा कि सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
घटना के बाद सांसद सुप्रिया सुले ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता जताई। उन्होंने नागरिकों से सीट बेल्ट पहनने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की। उनका कहना है कि लापरवाही से ड्राइविंग न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।
गौरतलब है कि सुप्रिया सुले महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट से सांसद हैं और एनसीपी (शरद पवार गुट) की प्रमुख नेताओं में गिनी जाती हैं।
